पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र में 27 और 28 जून को हुई जानलेवा हमला और फायरिंग की वारदातों के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर महिपाल सिंह(35) पुत्र बलवीर सिंह निवासी खारड़ी को गिरफ्तार को पकड़ा है। मारवाड़ जंक्शन थानाधिकारी राजेंद्र खदाव ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। साथ ही तकनीकी संसाधनों और लगातार की जा रही तलाश के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया। कार को टक्कर मारने और फायरिंग का आरोप जानकारी के अनुसार, 27 जून को सूर्यनगर स्थित रेलवे अंडरब्रिज के पास मूलसिंह उर्फ अर्जुन सिंह निवासी गुड़ा रामसिंह की कार को टक्कर मारकर उन पर जानलेवा हमला किया गया था। इसके अगले दिन 28 जून की दोपहर मारवाड़ जंक्शन थाने जा रहे मूलसिंह उर्फ अर्जुन सिंह और उनके साथ मौजूद ग्रामीणों पर नृरसिंहपुरा चौराहे के पास जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिपाल सिंह इन दोनों घटनाओं का मुख्य आरोपी है। आरोपी के खिलाफ पहले से चार मामले दर्ज हैं। इनमें सदर थाना, सोजत रोड थाना, सिरियारी थाना और मारवाड़ जंक्शन थाना में एक-एक मुकदमा शामिल है। सोजत रोड थाने में वर्ष 2017 में उसके खिलाफ हत्या का मामला भी दर्ज किया गया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य आरोपियों एवं घटनाक्रम से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है।