करौली जिले के मासलपुर कस्बा क्षेत्र में भोजपुर रोड पर सरसों की तूड़ी (पशु चारा) के ढेर में भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपए का पशु चारा और अन्य सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। फायरमैन पुष्पेंद्र मुद्गल ने बताया कि मासलपुर थाना क्षेत्र में एक स्थान पर रखी सूखी तूड़ी के ढेर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भोजपुर रोड पर पशु चारे के ढेर के पास बकरी चरा रहे कुछ बच्चों द्वारा पी गई बीड़ी की चिंगारी सूखी तूड़ी पर गिरने से आग भड़की। यह तूड़ी का ढेर मासलपुर निवासी विजय सिंह (सकलू) का बताया जा रहा है। आग लगने से उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। अग्निशमन केंद्र की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची। ड्राइवर आदित्य और फायरमैन शीशराम गुर्जर, विमलेश माली व सनी डागर ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग पर नियंत्रण की कार्रवाई जारी है।