सिरोही में मासूम नगर कॉलोनी, आदर्श नगर लिंक रोड और मल्लेश्वर कॉलोनी क्षेत्र में सार्वजनिक मार्गों पर लगातार अतिक्रमण हो रहा है। इससे नाराज कॉलोनीवासियों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो 25 जुलाई से नगर परिषद कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कॉलोनी निवासी एवं समाजसेवी गोपाल सिंह राव पोसालिया ने बताया कि मासूम नगर कॉलोनी तक पहुंचने के 2 सार्वजनिक मार्ग हैं। पहला मार्ग मेघवाल समाज श्मशान (कब्रिस्तान रोड) के पास से गुजरता है, जबकि दूसरा मल्लेश्वर कॉलोनी (आदर्श नगर लिंक रोड) से होकर जाता है। राव के अनुसार श्मशान के पास सरकारी भूमि पर मंदिर के नाम पर अतिक्रमण कर रास्ता चार-पांच फीट का रह गया है। यह रास्ता बबूल की झाड़ियों और कीचड़ से भरा रहता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल है। पत्थर, झाड़िया डालकर रास्ता बंद किया मल्लेश्वर कॉलोनी से जाने वाले मार्ग पर भी पत्थर और कांटेदार झाड़ियां डालकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया है। आरोप है कि वृक्षारोपण के नाम पर भी सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण किया गया है। इन अवरोधों के कारण कॉलोनीवासियों, निर्माण सामग्री वाहनों और अन्य आवश्यक सेवाओं का आवागमन बाधित हो रहा है। शिकायतों के बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं हुई कॉलोनी के रहवासियों का कहना है कि पिछले करीब 2 साल से जिला प्रशासन, नगर परिषद और संबंधित अधिकारियों को लगातार ज्ञापन और शिकायतें दी जा रही हैं। हालांकि, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इस स्थिति से भविष्य में चिकित्सा आपातकाल, अग्निकांड या अन्य आकस्मिक स्थितियों में एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों के समय पर नहीं पहुंच पाने का गंभीर खतरा बना हुआ है। खुद अतिक्रमण हटाने की सलाह दी गई कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि जब वे अधिकारियों से कार्रवाई की मांग करने पहुंचे तो उन्हें खुद अतिक्रमण हटाने जैसी सलाह दी गई, जबकि पुलिस की ओर से भी किसी विवाद या मुकदमा दर्ज होने के बाद ही कार्रवाई करने की बात कही गई। इससे लोगों में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ गई है। कॉलोनीवासियों ने जिला कलेक्टर, नगर परिषद प्रशासक एवं आयुक्त से मांग की है कि सभी सार्वजनिक मार्गों से तत्काल अतिक्रमण हटाकर स्वीकृत रास्तों को बहाल किया जाए तथा भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए स्थायी कानूनी एवं प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। 25 से धरना-प्रदर्शन की चेतावनी स्थानीय लोगों ने राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, क्षेत्रीय सांसद लुम्बाराम चौधरी और जिला प्रशासन से नगर परिषद क्षेत्र में सरकारी भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमण हटाने और अवरुद्ध सार्वजनिक मार्गों को खुलवाने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। यदि निर्धारित समय तक कार्रवाई नहीं हुई तो 25 जुलाई से नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस आंदोलन का नेतृत्व गोपाल सिंह राव पोसालिया करेंगे। उनके साथ आलोक बर्मन, खेताराम परमार, हिम्मताराम राठौड़, राजेन्द्र पटेल, लक्ष्मण मीणा, नरेन्द्र शर्मा, प्रेम शर्मा, गणपत लाल, ओबाराम, योगेश आड़ा, रमेश सिंह राठौड़ सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी धरने में शामिल होंगे।