पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत के डीडवाना-कुचामन क्षेत्र के दौरे के दौरान मौलासर मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर विभिन्न मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वर्ष 2023-24 के द्वितीय चरण की लंबित अनुदान राशि के शीघ्र भुगतान की मांग प्रमुखता से उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने बताया कि पशुपालन विभाग, कुचामन सिटी द्वारा 25 अगस्त 2024 को 9 लाख 21 हजार रुपए की अनुदान राशि स्वीकृत की गई थी। यह राशि गोशाला के बैंक खाते की केवाईसी प्रक्रिया पूरी न होने के कारण जमा नहीं हो सकी थी। बाद में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मौलासर शाखा में केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कर खाते को पुनः चालू कर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना भी दी गई, लेकिन इसके बावजूद अनुदान राशि का भुगतान अब तक लंबित है। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि क्षेत्र में निराश्रित गोवंश की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि मौजूदा गौशाला में उनके लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं हैं। इस समस्या के समाधान के लिए दो टीन शेड के निर्माण की मांग की गई, ताकि गोवंश को सुरक्षित आश्रय मिल सके। कार्यकर्ताओं ने मंत्री से शीघ्र हस्तक्षेप कर लंबित भुगतान जारी करवाने और आवश्यक निर्माण कार्यों के लिए दिशा-निर्देश देने का आग्रह किया, ताकि गोवंश की समुचित देखभाल सुनिश्चित हो सके। इस दौरान किशन भींचर के नेतृत्व में मौलासर में बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय स्वीकृत करने की मांग को लेकर भी एक अलग ज्ञापन सौंपा गया। इस कार्यक्रम में जिला महामंत्री किशन भींचर, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण पुरोहित, जिला मंत्री रामसिंह, जालाराम भाकर, नंद पंड्या, रणजीत सिंह, कृष्ण कुमार सांखला, हरीश शर्मा, मांगीलाल शर्मा, कमल किशोर खंडेलवाल, श्रीगोपाल शर्मा, सुनील चौहान, मांगीलाल सांखला, नाथूसिंह, ईश्वर सिंह, गोपाल प्रजापत, अशोक और मौलासर गौशाला संचालक हरि बोचलिया सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।