जयपुर की प्रतिभाशाली मॉडल मीनाक्षी छापोला ने सौंदर्य प्रतियोगिता के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए मिस ग्रैंड राजस्थान 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। इससे पहले वे मिस राजस्थान 2025 में फर्स्ट रनर-अप रह चुकी हैं। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने न केवल जयपुर, बल्कि पूरे राजस्थान का नाम रोशन किया है। आयोजकों और मेंटर्स योगेश मिश्रा व निमिषा मिश्रा ने बताया कि मिस ग्रैंड इंटरनेशनल प्रतियोगिता का यह 14वां संस्करण है, जो विश्व के शीर्ष 5 ब्यूटी पेजेंट्स में शामिल है। इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए मिस ग्रैंड इंडिया का चयन किया जाता है, जिसमें अब मीनाक्षी छापोला राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी। महज 18 वर्ष की उम्र में मीनाक्षी ने पेजेंट्री की दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना ली है। उन्होंने 17 साल की आयु में ही मिस राजस्थान 2025 में फर्स्ट रनर-अप का खिताब जीतकर अपनी सफलता की शुरुआत की थी। अब मिस ग्रैंड राजस्थान 2026 का ताज हासिल कर उन्होंने अपने आत्मविश्वास और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। शिक्षा के क्षेत्र में भी मीनाक्षी लगातार आगे बढ़ रही हैं। वे वर्तमान में जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी, जयपुर से बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) की पढ़ाई कर रही हैं। उनका यह सफर शिक्षा और जुनून के बीच संतुलन का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत करता है। जयपुर के मानसरोवर क्षेत्र की निवासी मीनाक्षी के पिता जयंत कुमार छापोला एक व्यवसायी एवं ठेकेदार हैं, जबकि उनकी माता विमला छापोला गृहिणी हैं। परिवार का सहयोग और मार्गदर्शन उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अब राष्ट्रीय मंच मिस ग्रैंड इंडिया में भाग लेने जा रहीं मीनाक्षी छापोला अपने साथ राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और आत्मा को लेकर आगे बढ़ेंगी। उनका लक्ष्य न केवल इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करना है, बल्कि युवाओं को प्रेरित करते हुए आत्मविश्वास, मेहनत और सकारात्मक सोच का संदेश भी देना है।