भास्कर न्यूज| जैसलमेर. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला स्तरीय बैठक की। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने की। संगठन की मजबूती, जनसंपर्क बढ़ाने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पर चर्चा हुई। बैठक में कांग्रेस जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने की बात कही। आमजन के मुद्दे मजबूती से उठाने पर विचार रखे। जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा लोकतंत्र, संविधान, जनहित के मूल्यों की पक्षधर रही है। वर्तमान हालात में संगठन को और मजबूत करने की जरूरत है। आमजन की आवाज प्रभावी तरीके से उठानी है। उन्होंने कहा कि अभियान में हर कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। गांव-गांव, ढाणी-ढाणी तक पहुंच बनानी होगी। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। हर ब्लॉक और मंडल स्तर पर अभियान को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां बांटी गईं। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे जनसंपर्क अभियान चलाएं। ज्यादा से ज्यादा लोगों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ें। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करें। वक्ताओं ने कहा कि मजबूत संगठन ही लोकतंत्र की बड़ी ताकत है।