मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली में 6 केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्रियों से मेट्रो, ई-बस, पेयजल प्रोजेक्ट, ऊर्जा, कृषि, हाईवे और वित्तीय मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान कई केंद्रीय मंत्रियों ने मुख्यमंत्री व प्रदेश सरकार के कामकाज की सराहना भी की। केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्राम विकास चौपालों के नवाचार के लिए सीएम की सराहना की। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राजस्थान में ग्राम विकास चौपालों की पहल की सराहना की। केंद्रीय खाद्य एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी के साथ हुई बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, अनाज भंडारण क्षमता बढ़ाने और आधुनिक वेयरहाउस बनाने पर चर्चा हुई। बैठक में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, पीएम कुसुम योजना और बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम को आगे बढ़ाने पर भी बातचीत हुई। मुख्यमंत्री की केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल के साथ प्रदेश में ऊर्जा व्यवस्था मजबूत करने, ई-बस सेवाएं बढ़ाने और मेट्रो नेटवर्क के विस्तार पर चर्चा हुई। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल के साथ जल जीवन मिशन, यमुना जल परियोजना और राम जल सेतु लिंक परियोजना समेत राज्य की जल योजनाओं की प्रगति और आगे की कार्ययोजना पर बातचीत हुई। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी विकास से जुड़े मुद्दों और केंद्र-राज्य समन्वय पर चर्चा की। इससे पहले सोमवार सीएम ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेस-वे प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा की।