उन्हैल| रुद्राक्ष गोशाला में सोमवार को कल्याण मित्र मंडल मुंबई के सदस्यों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नवनिर्वाचित सरपंच प्रहलाद सिंह शामिल हुए। गोशाला समिति के अध्यक्ष नारायण सिंह ने बताया कि मंडल लंबे समय से गोसेवा से जुड़ा है और उसके सहयोग से गोशाला में कई सुविधाएं विकसित की गई हैं। मंडल के सहयोग से सूखा चारा रखने के लिए टीनशेड बनाए गए, इंटरलॉकिंग सड़क और गार्डन का निर्माण हुआ तथा झूले लगाए गए। उन्होंने कहा कि मंडल आने वाले दिनों में गोशाला में प्रवेश द्वार बनवाने की योजना भी रखता है। समिति के मुताबिक मंडल के सदस्य प्रतिदिन गायों के लिए हरे चारे की ट्रॉली और गुड़ की व्यवस्था करते हैं। हर पूर्णिमा पर सदस्य मुंबई से गोशाला पहुंचकर सेवा कार्य करते हैं।