भास्कर संवाददाता | चूरू बीकानेर संभाग में कमजोर विक्षोभ की सक्रियता के बावजूद गर्मी के तेवर तेज हैं। रविवार को अधिकतम 42.0 डिग्री दर्ज किया गया, जो कोटा के 42.1 डिग्री के बाद प्रदेश में सबसे ज्यादा है। 2025 में 19 अप्रैल को चूरू का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री था। रविवार को दिनभर तपती धूप व गर्म हवा के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। दोपहर के समय सड़कों व बाजारों में सन्नाटा सा रहा। गर्मी के कारण बाजार में शादियों के सीजन के बावजूद दोपहर में रौनक कम रही। रविवार को अधिकतम 42.0 एवं न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री रहा, जबकि इससे पहले शनिवार को अधिकतम 42.8 एवं न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री रहा। इससे पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री रहा था। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रदेश में अभी मौसम शुष्क बना हुआ है। ऐसे में अगले 5 दिन तक जिले में तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच रह सकता है। दिन में लू चलने के साथ ही गर्मी चरम पर रहेगी। आगामी 4 से 5 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।