डीग जिला पुलिस ने मेवात क्षेत्र में संगठित अपराध और साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 'ऑपरेशन एंटी-वायरस' और 'वज्र प्रहार' अभियान के तहत जुरहरा थाना क्षेत्र के कलतरिया के जंगलों और भंडारा गांव की सीमा में 4 घंटे तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस मेगा कार्रवाई में पुलिस ने 18 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर ठगी के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। गिरफ्तार किए गए 18 आरोपियों में से 11 नकली सोने की ईंट दिखाकर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य हैं। 4 आरोपी ऑनलाइन साइबर फ्रॉड से जुड़े हैं, जबकि 3 लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अपराधी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी की कमाई से खरीदी गई 3 लग्जरी गाड़ियां (थार, स्कॉर्पियो और हैरियर), नकली पीतल की ईंटें, चार एंड्रॉयड मोबाइल और सात फर्जी सिम कार्ड जब्त किए हैं। एसपी शरण गोपीनाथ ने बताया कि आरोपी पीतल की ईंटों पर पॉलिश करके उन्हें 'खुदाई में निकला प्राचीन सोना' बताकर लोगों को ठगते थे। साइबर ठग फर्जी आईडी और सोशल मीडिया चैट के माध्यम से लोगों को ब्लैकमेल करते थे। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के बैंक खातों और उनके नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। इस जांच से कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।