भास्कर न्यूज | राजसमंद पंचायती राज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन राजस्थान ने अपनी लंबित मांगों को लेकर चल रहे स्वाभिमान बचाओ आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी है। जिलाध्यक्ष महेंद्रसिंह बोहरा ने बताया कि संगठन पिछले 30 दिनों से आंदोलनरत है। इस दौरान ब्लॉक और जिला स्तर पर ज्ञापन देने के साथ पेन डाउन आंदोलन और जयपुर में मंत्रियों के आवासों का घेराव भी किया गया, लेकिन सरकार ने मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया। जिला महामंत्री भगवतीलाल खटीक ने बताया कि यदि 3 जुलाई तक मांगें नहीं मानी गईं तो 4 जुलाई को प्रदेशभर के 16,080 मंत्रालयिक कर्मचारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पचपदरा कार्यक्रम की ओर कूच कर प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद 6 जुलाई को मुख्यमंत्री का घेराव तथा 7 जुलाई को जयपुर के जल महल पर 251 पदाधिकारियों द्वारा सामूहिक जल समाधि का कार्यक्रम प्रस्तावित है।