विधायक दीपचंद खैरिया ने खैरथल-तिजारा जिले के बीड़ा (भिवाड़ी औद्योगिक विकास प्राधिकरण) के अधीन आने वाले गांवों को कृषि भूमि की बिक्री पर आवासीय दर मूल्यांकन से मुक्त करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में वित्त सचिव, राजस्व, शासन सचिवालय, जयपुर को पत्र लिखा है। विधायक के निजी सहायक सुनील कांत गोल्डी ने बताया कि विभाग की अधिसूचना के तहत नगरीय एवं पेरीफेरी क्षेत्र में 2000 वर्ग मीटर तक के क्षेत्रफल की कृषि भूमि की पहचान पर आवासीय दर से मूल्यांकन के आदेश जारी किए गए हैं। खैरथल-तिजारा जिले में बीड़ा भिवाड़ी के अंतर्गत 289 राजस्व ग्राम आते हैं। ये गांव दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं, जहां कोई नगरीय क्षेत्र नहीं है। इस अधिसूचना के कारण किसानों को अत्यधिक परेशानी हो रही है। किसानों की कृषि जोत बहुत छोटी हो गई है, और ऐसी छोटी जोतों पर भी उन्हें आवासीय दर से स्टांप ड्यूटी का भुगतान करना पड़ रहा है, जो अनुचित है। विधायक खैरिया ने अपने पत्र में इन गांवों को इस प्रावधान से मुक्त रखने की पुरजोर मांग की है।