उदयपुर| शहर विधायक ताराचंद जैन ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल से मुलाकात कर शहर के विकास और जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान विधायक ने आयड़ नदी के सौंदर्यीकरण में बाधक बन रहे अतिक्रमणों को हटाने और गुलाबबाग पार्किंग के काम पर लगे कोर्ट स्टे को हटवाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी पैरवी करने की मांग की। विधायक जैन ने कलेक्टर से कहा कि आप स्वयं आयड़ नदी का मौका मुआयना कर स्थिति को समझें। उन्होंने बताया कि नदी के एक तरफ के कब्जे अब भी नहीं हटे हैं, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहा है। विधायक जैन ने सुझाव दिया कि इन क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाकर तत्काल वायर फेंसिंग कराई जाए ताकि भविष्य में दोबारा कब्जे न हों। इसके अलावा, गुलाबबाग पार्किंग प्रोजेक्ट पर चर्चा करते हुए जैन ने कहा कि स्टे के कारण काम रुका हुआ है। उन्होंने कलेक्टर से पत्रावली निकलवाकर जल्द स्टे हटवाने की कयावद शुरू करने को कहा। 70 गांवों पट्टों को लेकर चल रहा असमंजस सुलझा मुलाकात के दौरान यूडीए पेराफेरी क्षेत्र के 70 गांवों में पट्टों को लेकर चल रहा असमंजस भी सुलझ गया। विधायक ने ध्यान दिलाया कि 28 मई 2025 की अधिसूचना के बाद तहसीलदार पट्टे जारी नहीं कर रहे हैं, जिससे जनता परेशान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियम अनुसार जिन लोगों ने अधिसूचना से पहले पैसा जमा करा दिया है, उन्हें तहसीलदार ही पट्टे देंगे। इस पर कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सभी संबंधित तहसीलदारों को निर्देश जारी किए। उन्होंने निर्देशित किया कि आगामी 7 दिनों के भीतर सरकार के नियमानुसार पट्टों से जुड़ी सभी लंबित फाइलों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।