मोकलसर कस्बे में गुरुवार रात मोतीसरा रोड स्थित तीन अलग-अलग दुकानों के ताले तोड़ने का असफल प्रयास किया गया। इस घटना से कस्बे और आसपास के दुकानदारों में भय का माहौल है। हालांकि चोर कुछ भी चुराने में सफल नहीं हो पाए। स्थानीय लोगों ने बताया कि चोरों ने सबसे पहले गुरु कृपा दूध डेयरी पर चोरी का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हुए। देर रात अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने दुकानों के शटर और ताले तोड़ने की कोशिश की। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तो टूटे हुए ताले देखकर हैरान रह गए। चोरों ने चतुराई दिखाते हुए अपनी पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरे की दिशा बदल दी थी। उन्होंने लोहे के सरिए से ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह नाकाम रहा। उसी रात चोरों ने डेयरी से थोड़ी आगे एक अन्य दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश की, जिसमें भी उन्हें सफलता नहीं मिली। तीसरा प्रयास मोतीसरा रोड स्थित बजरंग किराना स्टोर पर किया गया। यहां डबल लॉक होने के कारण चोर केवल एक ताला ही तोड़ पाए। स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों द्वारा मोकलसर चौकी प्रभारी को सूचित करने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और दुकानदारों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष है। उनका कहना है कि कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं, और चोरों में अब पुलिस का खौफ नहीं रहा। स्थानीय दुकानदार नेमा राम माली ने मांग की है कि बाजार सहित मुख्य मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध युवकों की तलाश कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।