अलवर में मौसम का मिजाज फिलहाल पूरी तरह बदला हुआ है। शुक्रवार सुबह धूप जरूर निकली, लेकिन ठंडी हवाएं चलने से गर्मी का असर काफी कम महसूस किया गया। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार दिन में तापमान बढ़ सकता है। शुक्रवार और शनिवार के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि रविवार से मंगलवार तक मौसम साफ रहने और आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। बुधवार को जिले में हुई बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिली थी। इसके बाद गुरुवार को दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। मानसून के नौवें दिन भी जिले को अच्छी और व्यापक बारिश का इंतजार बना हुआ है। अगले दो दिन बाद कमजोर पड़ सकता है मानसून मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिनों के बाद जिले में मानसून कुछ कमजोर पड़ सकता है। अगर ऐसा हुआ तो जुलाई के मध्य में एक बार फिर तेज गर्मी का असर देखने को मिल सकता है और अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना रहेगी। जिले के किसान और आमजन अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए बैठे हैं। पर्याप्त वर्षा होने से सूखे पड़े बांधों और जलाशयों में पानी की आवक बढ़ेगी। विशेष रूप से जयसमंद बांध को भी अच्छी बारिश का इंतजार है। बांध भरने से न केवल सिंचाई और पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और आसपास के क्षेत्र में फिर से रौनक लौट आएगी।