भास्कर न्यूज | बाड़मेर इस बार मानसून की बेरुखी से किसानों की टूट चुकी उम्मीद को अब पंख लगने वाले हैं। वजह यह है कि एक बार फिर बंगाल की खाड़ी में मानसून सक्रिय होने के साथ ही 21 जुलाई से पश्चिमी राजस्थान में बारिश दस्तक देगी। इससे बुवाई के लिए इंतजार कर रहे किसानों के लिए राहत की खबर है। करीब 20 दिन बाद बारिश हो रही है। 1 जुलाई को जिले में हल्की बारिश हुई थी। इसके बाद मानसून रूठ गया। बादल बिन बरसे ही निकलते रहे। अब मौसम विभाग ने जुलाई के अंतिम सप्ताह में करीब एक-डेढ़ सप्ताह तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इससे जिले में तेज व मूसलाधार बारिश होने की संभावना जगी है। शुक्रवार को बाड़मेर का अधिकतम पारा 39.4 और न्यूनतम 28.4 डिग्री रहा। अब आगे क्या: जुलाई का अंतिम सप्ताह जमकर बरसेगा: मौसम विभाग के अनुसार जून और जुलाई में बंगाल की खाड़ी से उठने वाला मानसून कमजोर रहा। इससे जिले में बारिश की गतिविधियों पर ब्रेक लगा रहा। अब जुलाई के अंतिम सप्ताह में पश्चिमी राजस्थान में तेज बारिश की संभावना है। 21 जुलाई से एक्टिव हो रहा मानसून करीब 27-28 जुलाई तक रहेगा। तबबारिश की संभावना है।