डीग जिले की सीकरी थाना पुलिस ने ग्राम बूडली में पुलिस जाब्ते के साथ मारपीट, राजकार्य में बाधा पहुंचाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में 6 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, ग्राम बूडली में हुई घटना के संबंध में सीकरी थाने में विभिन्न धाराओं और पीडीपीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच जालूकी थाना प्रभारी निरीक्षक मनीराम शर्मा द्वारा की जा रही है। जांच के दौरान पुलिस ने फरार चल रहे 6 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में जुम्मे खां (70), भुट्टू (32), वसीम (26), मोइन खान (20), विक्रम खान उर्फ विक्की (19) और पप्पू खान (18) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम बूडली निवासी हैं। पूछताछ और अनुसंधान के बाद सभी को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में लिया गया।