राजस्थान में झमाझम बारिश का दौर जारी है। शनिवार (25 जुलाई) को मौसम विभाग ने पूरे राजस्थान में बारिश का ऑरेंज-यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, शुक्रवार को सिरोही, जोधपुर, बाड़मेर, पाली और जालोर के क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। सिरोही के माउंट आबू में करीब 8 इंच (195 मिलीमीटर) पानी बरसा। जोधपुर में मूसलाधार बारिश से सड़कों पर घुटनों तक पानी बहने लगा। राज्य में 27 जुलाई तक मानसून सक्रिय (एक्टिव) रहने की संभावना है, जबकि 28 जुलाई से एक बार फिर मानसून का दौर थोड़ा कमजोर पड़ सकता है। इस साल मानसून की लेट एंट्री और बीच में लंबे ब्रेक के कारण 12 जिलों में सूखे के हालात हैं। केवल 5 जिले ऐसे हैं, जहां औसत से अधिक पानी बरसा है। राजस्थान में बारिश की स्थिति मानसून के बड़े अपडेट्स कहां कितनी हुई बारिश: जोधपुर के बापिणी में 81, श्रीगंगानगर के करणपुर में 66, राजसमंद के गढ़बोर में 47, कुंभलगढ़ में 28, पाली के जवाई में 97, देसूरी में 38, पाली शहर में 27, अजमेर के जवाजा में 52, सरवाड़ में 50, बाड़मेर के कल्याणपुर में 57 और बालोतरा में 56 मिलीमीटर (MM) बरसात दर्ज की गई। 40 से ज्यादा बांधों में आया पानी, 2 बांध फुल: राजस्थान में इस बार मानसून देरी से आया और शुरुआती 20 दिनों में से करीब 10 दिन कमजोर दौर (फेज) में रहा। लेकिन पिछले तीन-चार दिनों से हो रही अच्छी बारिश के बाद बांधों में पानी की आवक तेजी से शुरू हो गई है। 2 जुलाई से अब तक राज्य के 40 से ज्यादा ऐसे बांध जो पूरी तरह सूखे थे, उनमें पानी आ गया है। वहीं, दौसा का मोरेल बांध और टोंक का मानसागर बांध फुल हो गए हैं। अतिभारी बारिश का अलर्ट: मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उदयपुर और जोधपुर संभाग के कुछ भागों में अगले 2 दिन मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, बीकानेर, अजमेर, कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भी मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। 12 जिलों में सूखे के हालात: इस साल मानसून की एंट्री ही कमजोर रही। दो हफ्ते सुस्त रहने के बाद मानसून सक्रिय हुआ, लेकिन प्रदेश के सिर्फ ब्यावर, बीकानेर, डीडवाना-कुचामन, फलोदी, सलूम्बर जिलों में ही औसत से अधिक बरसात हुई है। वहीं, बांसवाड़ा, दौसा, डूंगरपुर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालौर, करौली, खैरथल-तिजारा, पाली, सवाई माधोपुर, सिरोही, उदयपुर सूखे के हालात हैं, जबकि 27 जिलों में औसत से कम बारिश हुई है। राजस्थान के मौसम की PHOTOS… ये शहर सबसे ज्यादा गर्म आगे कैसा रहेगा मौसम राजस्थान के बड़े शहरों का मौसम जयपुर: राजधानी में हल्की बारिश का दौर जारी है। बीते दिन सुबह और देर शाम शहर के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, चाकसू, आंधी, जोबनेर और चौमूं में 1-1 मिमी, सांगानेर में 2 मिमी और रामपुरा डाबरी में 3 मिमी बरसात हुई। जयपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उदयपुर: जिले में शुक्रवार को दिनभर शहर में हल्की बारिश हुई। शहर के कैचमेंट एरिया (जलग्रहण क्षेत्र) में हुई बारिश के बाद नांदेश्वर चैनल में पानी की आवक शुरू हो गई है। यह पानी सीसारमा नदी से होते हुए प्रसिद्ध पिछोला झील में पहुंच रहा है, उदयपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोटा: जिले में लगातार दो दिनों तक हुई बारिश के बाद शुक्रवार को मौसम साफ रहा। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। हवा में नमी के कारण उमस का दौर अभी भी बना हुआ है। कोटा में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सीकर: जिले में शुक्रवार सुबह से ही घने बादल छाए रहे। शाम को जिला मुख्यालय सहित आसपास के इलाकों में 10-15 मिनट तक रिमझिम बारिश हुई। जिले का अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने जिले में 25 जुलाई तक बारिश का अनुमान जताया है। अलवर: जिले में शुक्रवार सुबह अच्छी बारिश हुई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। लगतार बरसात के कारण अरावली की पहाड़ियों में बरसाती झरने भी बहने लगे है। अलवर में बीते करीब दस दिन से रुक-रुककर बारिश हो रही है। जोधपुर: तीन घंटे तक शहर सहित आसपास के इलाकों में तेज बरसात हुई। शहर के निचले इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी हुई। दुकानों व घरों में पानी घुसने से भी नुकसान हुआ है। जोधपुर में इस साल मानसून कमजोर रहा है। शुक्रवार को इस मानसून सीजन की सबसे तेज बरसार थी। जिले का अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अजमेर: जिले में शुक्रवार हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। अजमेर में शुक्रवार को 2.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग ने आने वाले दिनों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।