MP के 25 साल के युवक ने 16 साल की नाबालिग गर्लफ्रेंड का शव राजस्थान के दौसा में लाकर दफना दिया। पुलिस ने आरोपी से सख्ती पूछताछ की तो उसने पूरा राज उगल दिया। आरोपी दौसा में ही काम करता था, ऐसे में उसने ये जगह चुनी, ट्रेन से नाबालिग को लेकर आया और ट्रैक के पास ही मारकर दफना दिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की शादी तय हो गई थी। नाबालिग उसे शादी करने का दबाव बना रही थी। ऐसे में, उसने गर्लफ्रेंड की हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया। MP से आई पुलिस ने मंगलवार को शव को निकाला तो कंकाल बरामद हुआ। नाबालिग लापता, परिजनों को शक था MP से आए पुलिसकर्मी ने बताया- मार्च महीने में परिजनों ने नाबालिग के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिजनों को युवक पर शक था। ऐसे में, इस पर नजर रखी गई थी। नाबालिग के पास कोई फोन भी नहीं था तो उसके बारे में कोई लोकेशन भी नहीं मिल रही थी। सोमवार को सबूतों के साथ युवक को डिटेन कर पूछताछ की तो उसने हत्या कर शव को दौसा जिले में दफनाने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद आज उसे यहां लेकर आए और खाली प्लाट से शव को निकलवाया है। ये 4 फीट नीचे कट्टे में डालकर गाड़ दिया गया था। पूछताछ में बोला- शादी का दबाव बना रही थी आरोपी ने पूछताछ में बताया- मार्च महीने में युवक की सगाई कहीं और हो गई थी। इस पर नाबालिग उससे शादी करने का दबाव बना रही थी। ऐसे में, युवक उसे दौसा लेकर आया और एक खाली प्लाट में उसकी हत्या कर शव कट्टे में भरकर दफना दिया। इसके बाद वापस MP आ गया। मार्च महीने में ही युवक की शादी थी। यह शादी के दिन ही गांव लौटा था। परिजनों से पूछताछ की तो शक गहराया पुलिस ने बताया- इधर, पुलिस की छानबीन जारी थी। परिजनों से भी संभावित ठिकानों को लेकर पूछताछ की तो सामने आया कि युवक दौसा में काम करता है। इसके बाद युवक को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरा राज उगल दिया। DNA जांच होगी मंगलवार को दौसा पहुंच कर खाली प्लाट में खुदाई करवाई। 4 फीट खोदने पर सफेद रंग का कट्टा नजर आया। इसी में नाबालिग का शव था। शव पूरी तरह कंकाल में बदल जाने के कारण डीएनए जांच भी कराई जाएगी।