अजमेर में पेंटिंग और हैंडीक्राफ्ट कारोबारी के साथ लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी करने वाले ने खुद को मुंबई का कारोबारी बताया था। इसके बाद लाखों की पेंटिंग खरीदी लेकिन पैसे नहीं लौटाए। आरोपी जेल भी जा चुका है। पीड़ित की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस थाना कृष्णगंज थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पेटिंग खरीदने का दिया था भरोसा पुलिस के अनुसार- अजमेर निवासी अल्ताफ खान ने रिपोर्ट दी कि वह पेंटिंग और हैंडीक्राफ्ट का कारोबार करता है। उसके संपर्क में मुंबई के आर्ट एंड हार्ट सेंटर से जुड़ा किन्नर नायक आया, जिसने पेंटिंग खरीदने के नाम पर उसका भरोसा जीता। विश्वास में आकर 13 मार्च 2021 को चार पेंटिंग (कीमत 27.50 लाख रुपए) पार्सल के जरिए उसे मुंबई भेजी। आरोपी ने पेंटिंग बेचकर भुगतान करने का भरोसा दिया लेकिन न तो पेंटिंग वापस लौटाई और न ही राशि का भुगतान किया। पीड़ित का फोन उठाना किया बंद पीड़ित ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की लेकिन आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद जानकारी मिली कि आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद भी उसने पीड़ित से संपर्क नहीं किया। आरोपी ने धोखाधड़ी की नीयत से पेंटिंग मंगवाई और उन्हें हड़प लिया, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ। इस संबंध में पहले भी पुलिस थाने में शिकायत दी गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कोर्ट में गया, जहां से धारा 175(3) बीएनएसएस के तहत आदेश मिलने पर पुलिस ने धारा 61(2), 316(2) व 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच एएसआई स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।