डीग जिले के बृजनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुंडौती में एक विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने इस अवसर पर 7.5 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की घोषणा भी की। मंत्री बेढम ने गिर्राज महाराज के जयकारे के साथ मंच पर पहुंचकर स्वयं पहलवानों के हाथ मिलवाकर कुश्ती का शुभारंभ कराया और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। 'युवाओं ने प्राचीन परंपरा को जीवित रखा है' जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री बेढम ने कहा कि मुंडौती के युवाओं ने ब्रज की इस प्राचीन परंपरा को जीवित रखा है। उन्होंने दंगल को केवल शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि भाईचारे का संदेश बताया। उन्होंने पहलवानों से कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन असली जीत खेल भावना में है। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत करने और संसाधनों की चिंता न करने का आश्वासन दिया। 'मेवात की मिट्टी से ओलंपियन तैयार करना है सपना' गृह राज्यमंत्री ने बृजनगर विधानसभा क्षेत्र के खिलाड़ियों को सीधा संदेश देते हुए कहा कि यदि किसी खिलाड़ी को किट, डाइट, कोचिंग या टूर्नामेंट में जाने के लिए आर्थिक समस्या आती है, तो वह सीधे उनके कार्यालय से संपर्क कर सकता है। उन्होंने एक फोन कॉल पर समस्या के समाधान का वादा किया और कहा कि मेवात की मिट्टी से ओलंपियन तैयार करना उनका सपना है। मंत्री के इस ऐलान पर सैकड़ों युवाओं ने 'जवाहर सिंह बेढम जिंदाबाद' के नारे लगाए। विकास कार्यों पर बोलते हुए मंत्री बेढम ने कहा कि वह भाषणों में नहीं, बल्कि काम में विश्वास रखते हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले ढाई साल का हिसाब गांव-गांव में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है और पंचायत की कोई भी मांग लंबित नहीं रखी गई है। उन्होंने स्कूल की चारदीवारी से लेकर टूटे रास्तों तक, हर मांग पर मुहर लगाने की बात कही।