सफाई काम में लापरवाही बरतने पर नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने दो सफाई कर्मचारियों को निलम्बित कर दिया है। इसके अलावा तीन अन्य कर्मचारियों को चार्जशीट भी दी गई है। आयुक्त मेहरा ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी मोतीलाल चौधरी ने कुन्हाड़ी सेक्टर क्षेत्र में कर्मचारियों की हाजिरी की जांच की। जांच के दौरान सामने आया कि दो कर्मचारी आकाश नरवाला और राजकुमार सफाई काम ठीक से नहीं कर रहे हैं। दोनों की सेक्टर कार्यालय पर हाजिरी चैक की तो सामने आया कि दोनों की हाजिरी तो लग रही है लेकिन वह मौके पर सफाई काम नहीं कर रहे थे। उनके इस काम को सफाई कार्य में गंभीर लापरवाही मानते हुए दोनों को निलम्बित कर दिया गया है। दोनों कर्मचारी सिर्फ रजिस्टर में हाजिर दर्ज करवा रहे थे और उसके बाद डयूटी नहीं कर रहे थे। इसके अलावा तीन अन्य कर्मचारियों को भी काम में लापरवाही के चलते चार्जशीट जारी की गई है। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। मानसून से पहले नालों की सफाई के सख्त निर्देश संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा के साथ शहर के विभिन्न नालों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पूर्व सभी नालों की सफाई हर हाल में पूरी की जाए। निरीक्षण के दौरान डीसीएम रोड और कंसुआ मेन रोड स्थित नालों के पास सफाई के बाद पड़ा मलबा देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और उसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर मलबा समय पर नहीं हटाया गया तो वह दोबारा नालों में जा सकता है, जिससे जलभराव की समस्या बढ़ेगी। रायपुरा पेट्रोल पंप के पास सफाई काम में लगी मशीनों के उपयोग को लेकर उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी मशीन खाली न खड़ी रहे। जहां जेसीबी नहीं पहुंच पा रही है, वहां मैनुअल सफाई कराने को कहा गया।