नागौर में जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संभागीय आयुक्त डॉ. शक्ति सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनगणना की तैयारियों के साथ-साथ गर्मी के मौसम में पेयजल और बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा की गई। स्व-गणना पर रहेगा विशेष जोर, जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश संभागीय आयुक्त डॉ. शक्ति सिंह राठौड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बार स्व-गणना (Self Enumeration) को लेकर आमजन में व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाई जाए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करें, इसके लिए प्रभावी प्रचार-प्रसार जरूरी है। इससे आंकड़ों की शुद्धता और समयबद्धता दोनों सुनिश्चित होगी। फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण पूरा, अंतिम चरण में अन्य तैयारी सांख्यिकी विभाग के अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। गणनाकारों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म और जनजागरूकता अभियान पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। गर्मी में पेयजल और बिजली व्यवस्था पर सख्त निर्देश बैठक में संभागीय आयुक्त ने गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें।