नागौर और डीडवाना-कुचामन जिले में बीते दो सप्ताह से जारी मौसम का उतार-चढाव थमने का नाम नहीं ले रहा है। मार्च के अंतिम दिनों में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद शुक्रवार को एक बार फिर जिले भर में मौसम ने करवट ली। कल देर रात और आज तड़के हुई बारिश के बाद दोपहर होते-होते नागौर शहर सहित जिले के कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। खींवसर क्षेत्र के पांचौड़ी में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश दर्ज की गई है, वहीं डेगाना के कितलसर में आज तड़के बेर के आकार के ओले गिरे थे। दो सप्ताह से बदल रहा मौसम, फिर बारिश-ओलावृष्टि मार्च महीने के अंतिम दिनों में कभी बारिश तो कभी ओलावृष्टि देखने को मिली। वहीं, बुधवार देर रात से गुरुवार तड़के तक जिलेभर में एक बार फिर मौसम बदला। नागौर और डीडवाना-कुचामन जिलों के कई क्षेत्रों में कहीं तेज बारिश तो कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई। डेगाना के कितलसर में तड़के ओलावृष्टि की सूचना है, जहां बेर के आकार के ओले गिरे। आकाशीय बिजली गिरने से मकान क्षतिग्रस्त इसी बीच शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे लाडनूं तहसील के ग्राम खोखरी में आकाशीय बिजली गिरने की घटना सामने आई। रामचंद्र मेघवाल के मकान पर बिजली गिरने से मकान की तीन-चार पट्टियां टूट गईं, जिससे घर को काफी नुकसान हुआ। उस समय परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे, लेकिन गनीमत रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फसलों को नुकसान की आशंका, कटाई अंतिम दौर में बारिश और ओलावृष्टि के चलते कई क्षेत्रों में फसलों को नुकसान होने की सूचना मिल रही है। हालांकि पिछले दिनों हुई बारिश के बाद अधिकांश किसानों ने अपनी फसलें समेट ली हैं, लेकिन कुछ इलाकों में अभी भी कटाई अंतिम चरण में है। ऐसे में इन फसलों को नुकसान होने का खतरा बना हुआ है। फसल भीगने के डर से किसान नहीं पहुंचे मंडी आसमान में सुबह से ही घने बादल छाए हुए हैं, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने दोनों जिलों के लिए आज और कल का येलो अलर्ट जारी किया है, जिसके तहत 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। इस बदलते मौसम का सबसे ज्यादा असर कृषि और व्यापार पर पड़ा है। बारिश और ओलावृष्टि की वजह से कई क्षेत्रों में खड़ी और कटी हुई फसलों को नुकसान पहुंचने का अंदेशा है। मौसम की इसी अनिश्चितता के चलते कृषि उपज मंडी में जींसों की आवक भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। फसल भीगने के डर से किसान मंडी नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह सुस्त पड़ गई हैं। मौसम विभाग का येलो अलर्ट, तेज हवाओं की चेतावनी मौसम विभाग ने पहले ही तेज हवाओं के साथ बारिश और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की थी। विभाग ने नागौर और डीडवाना-कुचामन जिलों के लिए आज और कल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसमें 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना जताई गई है।