नागौर लिफ्ट पेयजल योजना के द्वितीय चरण में आवश्यक रखरखाव कार्यों के कारण रविवार, 03 मई 2026 को 24 घंटे का शटडाउन रहेगा। इस अवधि में नागौर और डीडवाना-कुचामन जिलों में पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। जलदाय विभाग के अनुसार, नोखा दैया जल शोधन संयंत्र, देशनोक, जोधियासी, जायल और अन्य पंप हाउसों में मरम्मत एवं रखरखाव कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों को सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए एक दिवसीय पूर्ण शटडाउन आवश्यक है। शटडाउन से नागौर और डीडवाना-कुचामन जिलों के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होगी। विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए पहले से ही पर्याप्त जल का भंडारण कर लें। अधिकारियों ने बताया कि रखरखाव कार्य पूरे होने के बाद जलापूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पेयजल व्यवस्था को बेहतर और सुचारू बनाए रखने के लिए इस तरह के कार्य समय-समय पर किए जाना अनिवार्य है।