नागौर जिले में गश्त के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर 3 आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों के पास से 87.12 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर बरामद किया है। इनमें 2009 में चित्तौड़गढ़ जेल से फरार होने वाला आरोपी भी शामिल है। नागौर सीओ आईपीएस जतिन जैन ने बताया कि जिले की पांचौड़ी थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। उन्होंने सरहद गुढा भगवानदास में तीनों आरोपियों को पकड़ा। इनमें किशोर कुमार निवासी गुढा भगवानदास और बाबूलाल के साथ रामपाल निवासी भेड शामिल है। तीनों के पास से 87.12 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 17.50 लाख रुपए है। जबकि 23,890 रुपए कैश और परिवहन में काम ली गई एक स्कूटी व बाइक भी जब्त की है। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी किशोर कुमार पिछले 16 सालों से चित्तौड़गढ़ जेल से फरार चल रहा था। उस पर 5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था। साथ ही चित्तौड़गढ़ के विभिन्न थानों में दर्ज कई गंभीर मामलों में भी वांटेड था। 2009 में आरोपी 17 अन्य साथियों के साथ जेल में सुरंग बनाकर फरार हो गया था। ऑपरेशन संकल्प के तहत की गई कार्रवाई पूरी कार्रवाई नागौर एसपी रोशन मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन संकल्प' के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य जिले को नशा मुक्त बनाना है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी और सहायक पुलिस अधीक्षक जतिन जैन के सुपरविजन में पांचौड़ी थानाधिकारी भारमल के नेतृत्व में इस टीम का गठन किया गया था। डीएसटी टीम के कॉन्स्टेबल दिनेश स्वामी से मिली सटीक सूचना के आधार पर सफलता मिली। फिलहाल मामले में श्रीबालाजी थानाधिकारी ओमप्रकाश गोरा की ओर से जांच की जा रही है।