नागौर की पोटलिया माजरा ग्राम पंचायत में प्रशासन ने गुरुवार को 'रास्ता खोलो अभियान' के तहत करीब एक साल से बंद पड़े रास्ते को खुलवाकर किसानों को बड़ी राहत दी। जेसीबी की मदद से रास्ते पर किया गया कब्जा हटाया गया। इसके तुरंत बाद सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) ने सड़क निर्माण का कार्य भी शुरू करवा दिया। नागौर तहसीलदार नृसिंह टाक ने बताया कि पोटलिया माजरा क्षेत्र के किसानों की ओर से लंबे समय से रास्ता खुलवाने की मांग की जा रही थी। शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और पांचौड़ी थाना पुलिस के जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचकर कब्जा हटवाया। खेत मालिक ने रोक रखा था रास्ता नृसिंह टाक ने बताया कि गुढ़ा भगवानदास से पोटलिया माजरा ग्राम पंचायत को जोड़ने वाली इस सड़क का निर्माण पहले ही स्वीकृत हो चुका था। प्रारंभ में यहां कच्चा रास्ता संचालित था, लेकिन सड़क निर्माण शुरू होने पर एक खेत मालिक ने अपने खेत के पास से गुजरने वाले मार्ग को अवरुद्ध कर दिया था। इससे सड़क निर्माण कार्य रुक गया और ग्रामीणों व किसानों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद प्रशासन ने मौके पर जेसीबी से अवरोध हटवाया और रास्ता बहाल कराया। रास्ता खुलते ही पीडब्ल्यूडी ने सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया।