नागौर में ट्रैफिक पुलिस के ASI ने इलेक्ट्रिक कार का पॉल्यूशन का चालान काट दिया। कार का ड्राइवर बार-बार कहता रहा कि EV में कब से PUC (पॉल्यूशन) लगने लगी। इस पर ASI कहता है- हमारी मशीन में PUC निल बता रहा है, इसलिए चालान कटेगा। ASI ने PUC के साथ कार की विंडो पर लगे कर्टेन को भी ब्लैक फिल्म बताते हुए कुल 1700 रुपए का चालान काटा। गाड़ी के ड्राइवर ने इसका वीडियो बना लिया। मामला नागौर के RTO चौराहे का 7 अप्रैल का है। इसका वीडियो अब सामने आया है। चालान जोधपुर निवासी पूनमाराम की EV कार टाटा टियागो का कटा है। कार उनके भाई अशोक चला रहे थे, जो बैंक में कर्मचारी है। मामले को लेकर जिला परिवहन अधिकारी (DTO) अवधेश चौधरी ने कहा- यह तो पुलिसकर्मी को समझने की जरूरत है कि EV का चालान कैसे कट सकता है। वहीं ट्रैफिक प्रभारी शिवदेव ने कहा- गलती से चालान कटा है, हम जांच कर रहे हैं। पढ़िए ASI और बैंककर्मी की पूरी बातचीत वीडियो में बैंककर्मी अशोक पुलिसकर्मी राजकुमार से कहता नजर आ रहा है- कहां लगी है ब्लैक फिल्म कौनसे RTO का रूल है कि पारदर्शी कर्टेन का चालान कट सकता है। कौनसे कानून में लिखा है कि जाली नहीं लगा सकते धूप के लिए। मैंने ड्राइवर साइड की भी हटा रखी है। पुलिसकर्मी- कहां हटा रखी है। बैंककर्मी- आप प्रूफ दो न सर मेरे पास वीडियो रिकॉर्डिंग है पूरी, मैं बैंकिंग सेक्टर में हूं। मेरी इस गाड़ी में कहां आपको ब्लैक फिल्म नजर आ रही। (कार का वीडियो दिखाते हुए) सर ये वीडियो मैं सोशल मीडिया पर अपलोड करूंगा। पुलिसकर्मी- हां, करो करो। आप मोबाइल पर बात करते हुए निकले थे। बैंककर्मी- आप मुझे ब्लैक फिल्म बताओ कहां है गाड़ी में… पुलिसकर्मी- ये अलाऊ नहीं है, बिल्कुल अलाऊ नहीं है। (शीशों की तरफ इशारा करते हुए) आप अंदर बैठे कुछ भी कर रहे हो, अंदर वाला बता नहीं सकता। क्या कर रहे हो आप। बैंककर्मी- अभी नई गाड़ी ली है EV आपने चालान काटा है। पुलिसकर्मी- बिल्कुल, मशीन में निल बता रहा है। बैंककर्मी- EV गाड़ी पर PUC होगी कैसे सर, एक बात बताओ मुझे EV गाड़ी पर कौनसा पॉल्यूशन लागू होता है। पुलिसकर्मी- मशीन निल बता रही है, हम आपकी क्यों सुनेंगे, हमारी मशीन देखेंगे। डीटीओ बोले- पुलिसकर्मी को समझने की जरूरत जिला परिवहन अधिकारी (DTO) अवधेश चौधरी से कहा- सरकार ने पुलिस और परिवहन विभाग को POS मशीनें दे रखी हैं। चालान उसी में होता है। उसमें जैसे ही गाड़ी का नंबर डालेंगे तो ऑप्शन खुलते हैं। यह तो कार्यरत पुलिसकर्मी को समझने की जरूरत है कि व्हीकल EV है तो उसका PUC का चालान कैसे कटेगा? दूसरी तरफ जाली का भी चालान नहीं हो सकता, शीशे पर ब्लैक फिल्म नहीं होनी चाहिए। ट्रैफिक इंचार्ज बोले- भूलवश चालान कट गया यातायात प्रभारी शिवदेव राम ने बोले- भूलवश चालान कट गया। हम जांच कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने उच्च अधिकारियों से बात करने की कहते हुए फोन काट दिया। सीओ सिटी जतिन जैन ने कहा- मुझे आपसे ही मामले की जानकारी मिली। जांच करवाता हूं।