नागौर शहर में डेह रोड स्थित गोरखनाथ मंदिर के पास रविवार देर रात फोम, सोफा और गद्दा निर्माण की एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। शुरुआती तौर पर आग की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस अब अन्य संभावनाओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। रात 11 बजे भड़की आग रात करीब 11 बजे फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। फोम और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन करीब आधे घंटे में उनका पानी खत्म हो गया। दोबारा पानी भरकर आग बुझाने का काम शुरू किया गया और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। 60 लाख के नुकसान का दावा आग में तैयार सोफे, गद्दे, होम डेकोर का सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। फैक्ट्री संचालक ने करीब 60 लाख रुपए के नुकसान का दावा किया है। पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच कोतवाली थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है और फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। CCTV फुटेज में दिखा शॉल ओढ़े युवक घटना के बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें एक युवक शॉल ओढ़े फैक्ट्री की ओर जाता दिखाई दिया। कुछ देर बाद उसी स्थान से आग की लपटें उठती नजर आईं और युवक तेजी से वापस लौटता दिखा। स्थानीय लोगों का दावा है कि उसके हाथ में कोई ज्वलनशील पदार्थ भी था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर युवक की पहचान और उसकी भूमिका की जांच शुरू कर दी है।