नागौर के अमरपुरा में सरकारी अंगोर की भूमि पर से कब्जा हटाया गया। तहसीलदार को समुदाय विशेष के लोगों द्वारा कब्जा कर वहां धार्मिक स्थल के निर्माण करने की सूचना मिली थी। नागौर तहसीलदार नरसिंह टाक के निर्देश पर राजस्व अधिकारीयों की टीम ने मौके पर पहुंच कर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करवाया। अधिकारी बोले- चेतावनी दी और अतिक्रमण हटाया तहसीलदार नरसिंह टाक ने बताया- मौके पर जो अतिक्रमण चल रहा था उसे हटा दिया गया है। अतिक्रमण करने वाले को भी नोटिस दिया गया है और चेतावनी दी गई है। इसमें कहा गया है कि अगर भविष्य में ऐसी कोई कोशिश की गई तो कानूनी प्रावधानों के तहत जेल की सजा तक हो सकती है। ग्रामीणों का आरोप- विरोध करने पर लड़ाई करने लगे जानकारी के अनुसार, नागौर के निकट अमरपुरा में खसरा संख्या 345 जो सरकारी खाते में अंगोर के रूप में दर्ज है। उस पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर धार्मिक स्थल का निर्माण करवाना शुरू किया। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो आरोपी ग्रामीणों को धमकाने लगे। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले को लेकर उपखंड अधिकारी और जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर मामला बताया। उपखंड अधिकारी गोविन्द सिंह भींचर के आदेश पर राजस्व अधिकारियों की टीम ने मामले की जांच की। जिसमें ज्ञापन में दिए गए तथ्य सही पाए जाने पर विभाग की टीम मय जाब्ता मौके पर पहुंची। इसके बाद जेसीबी के जरिए अतिक्रमण हटाकर वहां सरकारी संपत्ति का बोर्ड लगा दिया गया है। ग्रामीणों ने आभार जताया स्थानीय निवासी संपतलाल ने बताया- इस मामले में पहले ग्रामीणों ने अतिक्रमण करने वालों से समझाइश के प्रयास किए थे। लेकिन वे लोग लड़ने को उतारू हो गए। इसके बाद हमने प्रशासन को ज्ञापन दिया था। आज प्रशासन ने वहां से अतिक्रमण हटा दिया है। इसके लिए हम प्रशासन के आभारी हैं।