बाड़मेर में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के काफिले में घुसी कार में सरियों, डंडों और लात-घूंसों से तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अब तक इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिसके आधार पर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। 3 जुलाई को दांता गांव के पास हुई थी घटना यह घटना 3 जुलाई को बाड़मेर जिले के दांता गांव के पास हुई थी। उस दिन नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल बाड़मेर दौरे पर आए थे। देरासर जाते समय रास्ते में उनके काफिले के बीच एक कार आ गई। आरोप है कि इसी दौरान सांसद के समर्थकों ने कार में जमकर तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद मामला चर्चा में आया। कार चालक ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट पुलिस के अनुसार, कोटड़ा हाथीसिंह का गांव निवासी श्रवण सिंह ने 3 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह अपनी इनोवा कार से बसरा गांव से देरासर-बाड़मेर रोड पर दांता मोहन गौशाला के पास पहुंचे थे। सामने से सांसद का काफिला आता देख उन्होंने कार सड़क किनारे खड़ी कर दी। आरोप है कि इसी दौरान सोहनलाल समेत अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की और कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी नितेश आर्य और डीएसपी रमेश कुमार शर्मा के सुपरविजन में ग्रामीण थानाधिकारी जसवंत सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने वायरल वीडियो, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच के बाद मुढ़ो का तला सनावड़ा (पुलिस थाना दर) निवासी रमेश कुमार पुत्र दुर्गाराम को गिरफ्तार किया गया। आठ दिन पहले भी एक आरोपी पकड़ा गया था एसपी ने बताया कि इससे पहले आठ दिन पहले पुलिस ने चौहटन थाना क्षेत्र के बुडियों का तला लीलसर निवासी 43 वर्षीय जेठाराम पुत्र जसवंतराम को भी गिरफ्तार किया था। फिलहाल पुलिस रमेश कुमार से पूछताछ कर अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका पूरी कार्रवाई में एएसआई लाधुराम, हेड कांस्टेबल ठाकराराम, कांस्टेबल बाबूराम, ओमप्रकाश, प्रवीण कुमार, रतनसिंह, प्रेम कुमार और डीसीआरबी कांस्टेबल शिवरतन शामिल रहे। ---- इससे जुड़ी खबर पढ़े… बेनीवाल के काफिले में घुसी कार में तोड़फोड़ करने-वाला गिरफ्तार:बाड़मेर पुलिस ने 10 दिन बाद पकड़ा, लात मारकर तोड़ दिए थे गाड़ी के शीशे