नागौर जिले के गुडा भगवान दास गांव में शुक्रवार को प्रशासन ने 'रास्ता खोलो अभियान' के तहत बड़ी कार्रवाई की। राजस्व विभाग और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने मुख्य सड़क और सरकारी जमीन पर बने अतिक्रमण हटाए। जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार और एसडीएम गोविंद सिंह भींचर के निर्देश पर तहसीलदार नरसिंह टाक मौके पर पहुंचे। कार्रवाई के दौरान जेसीबी से अवैध ढाबे और टीन शेड हटाए गए। साथ ही पीढियों से बंद पड़े रास्ते को भी खुलवाया गया, जिससे 10 से 15 खेतों के लिए आवागमन शुरू हो सका। खसरा नंबर 1156 और 1353 की सड़क पर कार्रवाई तहसीलदार नरसिंह टाक ने बताया कि खसरा नंबर 1156 और 1353 की गैर मुमकिन सड़क पर लोगों ने अवैध कब्जा कर ढाबे और टीन शेड बना लिए थे। इससे सड़क काफी संकरी हो गई थी और लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही थी। प्रशासन ने पहले ही अतिक्रमण चिन्हित कर नोटिस जारी किए थे। कुछ लोगों ने खुद कब्जा हटा लिया, जबकि बाकी अतिक्रमण शुक्रवार को मशीनों की मदद से हटाए गए। पीढियों पुराना रास्ता खुलने से किसानों को राहत अभियान के दौरान प्रशासन ने एक कदीमी रास्ते को भी खुलवाया। यह रास्ता लंबे समय से बंद पड़ा था। रास्ता खुलने के बाद 10 से 15 खेतों तक पहुंच आसान हो गई है। किसानों को अब खेतों तक आने-जाने में राहत मिलेगी। सरकारी जमीन से कब्जा हटाया तहसीलदार न्यायालय के प्रकरण संख्या 14/2026 में धारा 91 के तहत कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन से अतिक्रमी प्रतापराम को बेदखल किया गया। प्रशासन ने जमीन को कब्जा मुक्त करवाकर सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार कार्रवाई पूरी की। पुलिस जाब्ता रहा तैनात कार्रवाई के दौरान पांचौड़ी थाने का पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात रहा, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। इस दौरान भू-अभिलेख निरीक्षक राजेंद्र इनानिया, मनमोहन बिश्नोई, पटवारी सुरेश गुणपाल, रामेश्वर लाल, बालाराम, हजारी राम खोजा और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी मौजूद रहे।