डीडवाना-कुचामन जिले में श्रमिकों को बड़ी राहत मिली है। श्रम कल्याण अधिकारी कार्यालय का संचालन शुरू हो गया है। इससे अब श्रमिकों को अपने कार्यों के लिए नागौर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। श्रम विभाग की ओर से स्थापित इस नए कार्यालय में एक श्रम कल्याण अधिकारी और दो श्रम निरीक्षकों के पद स्वीकृत किए गए हैं। कार्यालय प्रमुख संदीप कुमार ने बताया कि यह कार्यालय स्थानीय श्रमिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से दिलाने में सहायक होगा। संदीप कुमार ने बताया कि जल्द ही जिले के श्रमिकों से संबंधित डेटा और पुराने आवेदन ऑनलाइन पोर्टल के जरिए नए कार्यालय में स्थानांतरित कर दिए जाएंगे। इसके बाद श्रमिक कार्ड बनवाने, निर्माण श्रमिक शिक्षा व कौशल विकास योजना, तथा सामान्य दुर्घटना में मृत्यु या घायल होने पर सहायता जैसे सभी आवेदनों का निस्तारण इसी कार्यालय से किया जाएगा। कार्यालय का पता ग्रामोत्थान बालिका विद्यालय के सामने, वार्ड नंबर-1, डीडवाना-लाडनूं रोड, डीडवाना-कुचामन है। ईमेल आईडी lwo.deedwana.lc@gmail.com है। इस नई व्यवस्था से क्षेत्र के हजारों श्रमिकों के समय और धन की बचत होगी। साथ ही, उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ अब और अधिक तेजी से मिल सकेगा।