नागौर कृषि उपज मंडी समिति (विशिष्ट श्रेणी) में शुक्रवार को कृषि जिंसों की खरीद-बिक्री सामान्य रही। मंडी में अधिकांश प्रमुख जिंसों के भाव गुरुवार के मुकाबले स्थिर रहे। सबसे बड़ा बदलाव मूंग में देखने को मिला, जहां अधिकतम भाव 8 हजार रुपए से घटकर 7,500 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। वहीं जीरा, सौंफ, इसबगोल, ग्वार, चना और अन्य प्रमुख जिंसों के भाव में कोई विशेष उतार-चढ़ाव नहीं रहा। जीरा का न्यूनतम भाव 17 हजार और अधिकतम 21,500 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा। सौंफ 7 हजार से 13 हजार रुपए और इसबगोल 9 हजार से 13,500 रुपए प्रति क्विंटल पर बिका। मसाला फसलों में मांग बनी रहने से बाजार संतुलित रहा। दलहन में मूंग का न्यूनतम भाव 5,500 रुपए पर स्थिर रहा, लेकिन अधिकतम भाव 500 रुपए घटकर 7,500 रुपए रह गया। चना 5 हजार से 5,425 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा, जबकि ग्वार भी 5 हजार से 5,725 रुपए प्रति क्विंटल के स्तर पर कारोबार करता रहा। अन्य जिंसों में असालिया 5,800 से 6,000 रुपए, दाणा मेथी 5,700 से 6,100 रुपए, सिध्दी सुवा 6,000 से 7,500 रुपए, तारामीरा 5,500 से 6,000 रुपए तथा ज्वार 4,500 से 6,000 रुपए प्रति क्विंटल पर रही। काला तिल 9,000 से 10,800 रुपए और सफेद तिल 10 हजार से 11,500 रुपए प्रति क्विंटल पर बिके। वहीं सरसों (रायड़ा) 40 प्रतिशत तेल की औसत गुणवत्ता का भाव 7,500 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया। कुल मिलाकर शुक्रवार को मंडी में अधिकांश जिंसों के भाव स्थिर रहने से कारोबार सामान्य गति से चलता रहा, जबकि मूंग में ऊपरी स्तर पर हल्की नरमी देखने को मिली।