नागौर में राजस्थान पटवार भर्ती 2024-25 के तहत चयनित अभ्यर्थियों की ट्रेनिंग शुरू हो गई है। ट्रेनिंग तहत 65वें बैच के नवनियुक्त पटवारियों को राजस्व कार्यों की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। जिले में 72 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया के बाद अब तक 63 पटवारियों ने कार्यभार रिपोर्ट दे दी है। एक अभ्यर्थी की नियुक्ति अनुकंपा के आधार पर हुई है। ट्रेनिंग प्रोग्राम 26 फरवरी से शुरू हुआ था और 26 अगस्त तक चलेगा। 6 महीने में दी जाएगी थ्योरिकल और प्रैक्टिकल नॉलेज ट्रेनिंग के इन 6 महीनों में अभ्यर्थियों को सैद्धांतिक और व्यावहारिक दोनों स्तरों पर तैयार किया जा रहा है। इसमें मुख्य रूप से भू-अभिलेखों का संधारण, जमीन की पैमाइश की तकनीक, गिरदावरी कार्य और विभिन्न राजस्व कानूनों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। अनुभवी और विषय विशेषज्ञ के तौर पर रिटायर्ड राजस्व निरीक्षक रामनिवास और रामपाल बसवाना नव चयनित पटवारियों को फील्ड और तकनीकी कार्यों का प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। ट्रेनिंग के बाद होगी विभागीय परीक्षा ट्रेनिंग पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को एक विभागीय परीक्षा से गुजरना होगा। इस परीक्षा को पास करना जरूरी है। क्योंकि इसी के आधार पर पटवारियों के स्थायीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वर्तमान में सभी प्रशिक्षु पटवारी राजस्व विभाग के कामकाज को समझने और ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन से जुड़े मामलों के निस्तारण की तकनीक सीख रहे हैं।