राष्ट्रीय पंचायती राज स्थापना दिवस (24 अप्रैल) के मौके पर नागौर के बगदरी गांव में कांग्रेसी जुटे और पंचायत व निकाय चुनाव कराने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। बता दें कि 2 अक्टूबर 1959 को तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने इसी स्थल पर पंचायती राज की नींव रखी थी। शुक्रवार को पंचायत-निकाय चुनाव कराने की मांग को लेकर कांग्रेस के नेताओं ने बगदरी पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा- जिस भूमि से ग्रामीण स्वशासन को मजबूत करने की शुरुआत हुई थी, आज वहीं लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की अनदेखी हो रही है। 'राजनीतिक हित के चलते टाले चुनाव​' राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष हनुमान बांगड़ा ने कहा- नागौर की यह ऐतिहासिक भूमि आज फिर राजनीतिक संघर्ष का केंद्र बन गई है। संविधान और न्यायपालिका के अनुसार किसी भी चुनाव को तय समय सीमा के भीतर करवाना जरूरी है। इसके बावजूद सरकार राजनीतिक हितों के चलते पंचायत चुनाव टाल रही है। ​कांग्रेस नेताओं ने कहा- न्यायपालिका के स्पष्ट निर्देशों के बाद भी अप्रैल तक चुनाव नहीं कराना लोकतंत्र की अवहेलना है। यदि जल्द ही पंचायत चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं की गई, तो पूरे प्रदेश में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए।