नागौर पुलिस ने एसपी रोशन मीना के नेतृत्व में जिले में जुआ-सट्टा, अवैध खनन, नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने सट्टेबाजी के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए करोड़ों रुपए के गाड़ियां, नशीले पदार्थ और अवैध हथियार भी बरामद किए। खाटूबड़ी: ऑनलाइन सट्‌टा लगाने वाले 6 दबोचे ​खाटूबड़ी थाना पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और क्रिकेट मैचों पर करीब 80 लाख रुपये का सट्टा लगाने वाले एक गिरोह को दबोचा है। थानाधिकारी दिलीप सहल की अगुवाई में टीम ने सरहद खाटूबड़ी में दबिश देकर जितेंद्र, राकेश, राजकुमार, श्रवण, मुकेश और भागीरथ को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से 17 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 11 एटीएम कार्ड और वाई–फाई डोंगल सहित सट्टे में प्रयुक्त होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए हैं। आरोपी ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को बड़े मुनाफे का लालच देकर उनसे रुपये हड़पते थे। जसनगर: अवैध बजरी परिवहन पर कार्रवाई जसनगर थाना क्षेत्र में अवैध बजरी खनन माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 2.50 करोड़ रुपये के पांच वाहन जब्त किए हैं। थाना प्रभारी राजमल के नेतृत्व में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान जैतारण रोड और सरहद समदोलाव से तीन ट्रेलर, एक ट्रक और एक डम्पर को अवैध बजरी ढोते हुए पकड़ा। वाहन चालकों के पास बजरी परिवहन के वैध दस्तावेज नहीं मिले। इस पर पुलिस ने मोटर–व्हीकल एक्ट के तहत यह कार्रवाई की। रोल : तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई ​नशा मुक्ति के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन संकल्प' के तहत रोल थाना पुलिस ने फागली गांव में कार्रवाई करते हुए आरोपी गुडडा के घर से 10.97 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी पाउडर बरामद किया है। थानाधिकारी उर्जाराम की टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया, जिसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुंडवा : अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई ​अवैध हथियारों की रोकथाम के लिए मुंडवा थाना पुलिस ने सरहद सोलियाना और क्यार की ढाणी में बनबावरियों के डेरों पर दबिश दी। थानाधिकारी सुरेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई के दौरान 4 अवैध टोपीदार इकनाली बंदूकें जब्त की हैं। पुलिस ने एक आरोपी मुन्ना को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों शिवलाल और ओमराम की तलाश की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।