नागौर में अलग-अलग थानों की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अवैध बजरी और पत्थर खनन, मादक पदार्थ की तस्करी और बिजली केबल चोरी करने के मामलों में ये गिरफ्तारियां की। जसनगर: लूणी नदी से बजरी ले जाते करते दो ट्रैक्टर पकड़े जसनगर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान मौजा भैंसडा में लूणी नदी से अवैध रूप से बजरी भरकर ले जाते हुए दो बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए। पुलिस को देखकर ड्राइवर ट्रैक्टर मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। यह कार्रवाई थानाधिकारी छीतरमल के नेतृत्व में उप निरीक्षक राजमल और उनकी टीम ने की। पांचौड़ी: बिना नंबर का डंपर बजरी सहित पकड़ा पांचौड़ी थाना पुलिस ने सरहद देउ में गश्त के दौरान अवैध बजरी से भरे एक बिना नंबर के डंपर को जब्त किया। मौके से आरोपी राजेश कुमार पुत्र श्रवण कुमार (निवासी सीकर) को हिरासत में लिया गया। जो परिवहन संबंधी कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने डंपर को थाना परिसर में खड़ा करवाकर खनिज विभाग को सूचना दी। गोटन पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में सफलता प्राप्त की गोटन पुलिस ने नलकूपों से बिजली केबल चोरी के दो मामलों में सरहद रियां श्यामदास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें रमेश उर्फ रामनिवास और विनोद (निवासी जोधपुर) को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से चोरी की गई 324 फीट केबल, केबल काटने का प्लास और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। साथ ही अवैध पत्थर खनन के मामले में पत्थरों से भरी 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर खनिज विभाग को सूचित किया है। सदर नागौर: डोडा पोस्त सप्लायर गिरफ्तार 'ऑपरेशन संकल्प नशा मुक्त नागौर' के तहत सदर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त के सप्लायर राकेश को बीकानेर रोड से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पूर्व में पकड़े गए आरोपी जेठाराम से हुई पूछताछ के बाद की गई है। जेठाराम के कब्जे से पूर्व में 3.77 किलोग्राम डोडा पोस्त और 3.66 लाख रुपए कैश बरामद हुए थे।