नागौर पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सट्टेबाजी, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध विस्फोटक रखने के मामलों में बड़ी सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने इस दौरान अफीम, स्मैक, विस्फोटक सामग्री और सट्टेबाजी में उपयोग लिए जा रहे मोबाइल और लैपटॉप जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खाटूबड़ी: ऑनलाइन गेमिंग और क्रिकेट सट्टे का भंडाफोड़ पुलिस थाना खाटूबड़ी ने बड़ी कार्यवाही करते हुए ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफार्म और क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है । पुलिस ने सरहद खाटूबड़ी से आरोपी धनराज उर्फ राजू और दिलीप को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 10 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, 9 एटीएम कार्ड और 5 चार्जर बरामद किए गए हैं। आरोपी एक ऐप के माध्यम से लोगों को प्रलोभन देकर सट्टा लगवाते थे । खींवसर: 'ऑपरेशन संकल्प' के तहत अफीम जब्त खींवसर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन संकल्प नशा मुक्त नागौर' अभियान के तहत पुलिस ने ग्राम पांचलासिद्धा स्थित विश्नोइयों की ढाणी में दबिश दी। यहां एक रहवासी मकान से आरोपी भंवरलाल पुत्र जगमाल विश्नोई को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 220.53 ग्राम अवैध तरल अफीम का दूध बरामद किया गया। आरोपी ने नशीले पदार्थ को एक सफेद डिब्बे में भरकर गमछे में छिपा रखा था। भावण्डा: अवैध विस्फोटक सामग्री के साथ आरोपी गिरफ्तार थाना भावण्डा पुलिस ने विस्फोटक पदार्थों के विरुद्ध अभियान चलाते हुए सरहद माणकपुर में दबिश दी । यहां से आरोपी कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 102 गुल्ले और 121 फिट लंबा लाल बत्ती वायर (विस्फोटक सामग्री) जब्त किया गया है । थांवला: 2 साल से फरार स्मैक सप्लायर झालावाड़ से धरा एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए थांवला पुलिस ने 2 वर्षों से फरार चल रहे वांछित आरोपी सुजान सिंह को झालावाड़ से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस पूर्व में 125 ग्राम स्मैक और एक कार जब्त कर चार अन्य आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है।