नागौर में शारदा बाल निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार शाम को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए 'संकल्प दिवस' का आयोजन किया गया। संत चरण दास महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन और अनुशासित जीवन जीने का संकल्प लिया। संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विद्या भारती जोधपुर प्रांत सचिव गंगा विष्णु बिश्नोई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा- परीक्षा केवल ज्ञान की नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन और समय प्रबंधन की भी परीक्षा होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरे समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा दी। अनुशासित जीवन का संकल्प दिलाया इस दौरान पृथ्वीराज सोनी ने छात्र-छात्राओं को परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम और अनुशासित जीवन का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य गजेंद्र सारस्वत और मीनाक्षी शर्मा ने किया। इस कार्यक्रम में वानप्रस्थी कार्यकर्ता रुद्र कुमार शर्मा, जिला सचिव राम सिंह राठौड़, प्रधानाचार्य गेनाराम गुरु, कमला चारण, सहायक प्रधानाचार्य पुखराज राव सहित विद्यालय के सभी आचार्य एवं बोर्ड परीक्षार्थी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।