नागौर जिले में होने वाली एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट है। परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रहे। नागौर सिटी सीओ और आईपीएस जतिन जैन ने बताया कि केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी भी प्रकार की अवैध सामग्री के प्रवेश को रोकने के लिए क्लासरूम, वॉशरूम समेत हर कोने की जांच की जा रही है। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर पुलिस बल और प्रशासन के अधिकारी तैनात रहेंगे, जो अभ्यर्थियों की व्यवस्थित एंट्री और सघन चेकिंग सुनिश्चित करेंगे। फ्लाइंग स्क्वाड का गठन किया​ परीक्षा में नकल रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वाड का गठन किया गया है, यह सभी केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। इस बार परीक्षा में मोबाइल और ब्लूटूथ जैसे किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट की अनुमति नहीं होगी। पूर्व की परीक्षाओं में हुई घटनाओं से सीख लेते हुए एसओजी और आरपीएससी द्वारा जारी नई गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुचारू रूप से संपन्न कराना है। नागौर सिटी सीओ आईपीएस जतिन जैन का कहना है कि हमने सभी सेंटर्स की व्यवस्थाएं जांची हैं। पुलिस प्रशासन की टीमें अलर्ट हैं और पूरी मुस्तैदी के साथ इस एग्जाम को संपन्न करवाने के लिए काम कर रहे हैं।