शहर में लंबे समय से ट्रांसपोर्ट नगर की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। नागौर ट्रांसपोर्ट सोसायटी ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नगर परिषद क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट नगर के लिए भूमि आवंटित करने की मांग की। सोसायटी के सचिव बजरंगलाल शर्मा ने ज्ञापन में बताया कि नागौर कृषि, खनिज, लाइमस्टोन और औद्योगिक गतिविधियों के कारण तेजी से विकसित हो रहा जिला है। जिले में सैकड़ों ट्रांसपोर्टर और ट्रक व्यवसाय से जुड़े लोग कार्यरत हैं, लेकिन आज तक ट्रांसपोर्ट नगर की सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी है। ट्रांसपोर्ट नगर की मांग ज्ञापन में कहा गया कि जिले के अधिकांश मुख्यालयों पर ट्रांसपोर्ट नगर की व्यवस्था है, जबकि नागौर में वर्षों से इसकी मांग लंबित है। इससे ट्रांसपोर्ट कारोबारियों, ट्रक चालकों और अन्य संबंधित लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सोसायटी ने प्रशासन से बीकानेर रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर के लिए उपयुक्त भूमि आवंटित करने का आग्रह किया है। इसके लिए खसरा नंबर 313, 311, 315 और 71/160 का भी प्रस्ताव दिया गया है। संगठन का कहना है कि इन स्थानों पर ट्रांसपोर्ट नगर विकसित होने से ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को व्यवस्थित सुविधा मिलेगी और शहर में यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी। सोसायटी ने जिला प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर उचित दर पर जमीन आवंटित करने की मांग करते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।