नागौर जिले की अंडर-14 बालिका फुटबॉल टीम शुक्रवार सुबह भीलवाड़ा के लिए रवाना हुई। यह टीम राजस्थान राज्य अंडर-14 सब जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेगी। प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 13 जुलाई 2026 तक भीलवाड़ा में किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर की टीमें हिस्सा लेंगी। टीम के चयन के लिए 8 जुलाई को राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल, हीरावती (लाडनूं) में नागौर जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में एक चयन ट्रायल और प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। नागौर जिला फुटबॉल संघ द्वारा गठित चयन समिति ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर जिला टीम का चयन किया। चयन समिति में सैयद सगीर अली, राजेश गढ़वाल, रामनिवास और मोहम्मद सईद (बाबू सरफराज) शामिल थे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित टीम की मैनेजर पुष्पा मेघवाल होंगी, जबकि नेहा खिलेरी को टीम का कोच नियुक्त किया गया है। शुक्रवार को टीम को भीलवाड़ा रवाना करते समय स्कूल की प्रिंसिपल अनुराधा, अध्यापिकाएं सरोज एवं फलसाना खान, रोशन खान, कोच सैयद सगीर अली और नागौर जिला फुटबॉल संघ के जिला सचिव फरहत अली सहित अन्य खेल प्रेमी उपस्थित थे। इन सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। नागौर जिला फुटबॉल संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेगी। खिलाड़ियों में भी प्रतियोगिता को लेकर विशेष उत्साह देखा गया और उन्होंने बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लेकर भीलवाड़ा के लिए प्रस्थान किया।