जोधपुर के नागौरी गेट थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) पूर्व ने मकान में चल रहे जुए के अड्डे पर छापामार कार्रवाई की। पुलिस ने 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। यह नया तालाब सार्वजनिक पार्क के पास एक मकान मेंकी। पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से 37 हजार 500 रुपये की जुआ राशि और जुआ सामग्री भी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। एसीपी (सेंट्रल) मंगलेश चुंडावत के अनुसार 23 अप्रैल की देर रात नया तालाब क्षेत्र के एक आवासीय मकान में जुआघर चलने की गोपनीय सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम ने उस ठिकाने पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां जुआ खेलते मिले व्यक्तियों के कब्जे से 37 हजार 500 रुपये की नकदी और जुआ सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने बरामद राशि और सामग्री को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ थाना नागौरी गेट में राजस्थान सार्वजनिक जुआ अध्यादेश के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई में पकड़े गए ये आरोपी पुलिस ने मौके से जोधपुर के दरगाह के सामने नागौरी गेट निवासी जाकिर पठान (56) पुत्र अलताफ हुसैन, सिन्धी साहबजादो का मोहल्ला भील बस्ती निवासी समीर (22) पुत्र मेहबूब, संजय कोलोनी निवासी विजय सोंलकी जीनगर (48) पुत्र स्व. गोविन्द, उदयमंदिर मालियों की गली निवासी सुमेरसिंह कच्छावा (46) पुत्र मदनलाल माली, उदयमंदिर गायों की फाटक निवासी असलम (32) पुत्र गब्बार कुरैशी, बंबा मोहल्ला निवासी आशिक अब्बासी (35) पुत्र इमामुदीन, नागौरी गेट सिन्धी साहबजादो की मस्जिद निवासी मो. शकील (49) पुत्र सिकन्दर खान, भदवासिया फाटक बंजारा कोलोनी निवासी सिकन्दर (28) पुत्र अयूब खान और बंजारा कॉलोनी निवासी अकरम खान (26) पुत्र बच्छु खान को गिरफ्तार किया है। दबिश देने वाली टीम जोधपुर पुलिस आयुक्त शरत कविराज व डीसीपी (पूर्व) मनीष कुमार चौधरी के निर्देशानुसार अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एडीसीपी (पूर्व) विरेन्द्रसिंह और एसीपी (सेंट्रल) मंगलेश चुंडावत के सुपरविजन में थानाधिकारी शैफाली सांखला के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में डीएसटी प्रभारी एएसआई खेतसिंह, एएसआई पप्पूसिंह, हैड कांस्टेबल महेशचन्द्र, कांस्टेबल गणपत और टीकमचंद शामिल रहे।