भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी वरुण सान्याल एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं। उन्हें 77 kg वेट कैटेगरी के क्वार्टर फाइनल से पहले मेडिकली अनफिट घोषित कर दिया गया। मुकाबले के लिए वजन कम करने के दौरान सौना बाथ लेने में उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। एक नेपाली खिलाड़ी ने उन्हें देखा और मेडिकल टीम तक पहुंचाने में मदद की। वरुण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्थिक सलाहकार संजीव सान्याल के बेटे हैं। सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे वरुण घटना की जानकारी मिलने के बाद MMA इंडिया के अध्यक्ष निखिल कुंदर और भारतीय अधिकारी भी वहां पहुंचे। डॉक्टरों ने वरुण की जांच की और उन्हें अनफिट घोषित कर दिया। इस कारण वे 77 kg वेट के क्वार्टर फाइनल में नहीं उतर सके। उनका क्वार्टर फाइनल बहरीन के मुहम्मद नबीयेव से होना था। वरुण को प्रीलिमिनरी राउंड में बाई मिली थी, इसलिए वे सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे। वजन क्यों कम कर रहे थे वरुण माना जा रहा है कि वरुण अपनी वेट कैटेगरी के हिसाब से करीब 200 से 300 ग्राम ज्यादा वजन के थे। वेट कैटेगरी वाले स्पोर्ट में ऐसा होना सामान्य माना जाता है। खिलाड़ी ज्यादा स्ट्रेंथ के लिए अपनी कैटेगरी की मैक्सिमम लिमिट के आस-पास रहने की कोशिश करता है। इस वजह से मुकाबले के समय उसका वजन 100-200 ग्राम से लेकर 2-3 किलो तक ज्यादा हो सकता है। ऐसा होने पर एथलीट अलग-अलग उपायों के जरिए मुकाबले से ठीक पहले वजन कम करने की कोशिश करते हैं। सौना बाथ भी ऐसे ही उपायों में से एक है। जापान तक लंबा सफर, रूम मिलने में भी 10 घंटे लगे 27 साल के वरुण लंदन से मुंबई और फिर सिंगापुर होते हुए जापान पहुंचे थे। नागोया पहुंचने के बाद एक्रेडिटेशन से जुड़ी तकनीकी समस्या के कारण उन्हें गेम्स विलेज में कमरा मिलने में 10 घंटे से ज्यादा समय लग गया। कमरा मिलने के बाद भी उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। जिस कमरे में उन्हें ठहराया गया था, उस पर दो अन्य भारतीय खिलाड़ियों ने भी अपना दावा किया था। इससे उन्हें आराम के लिए उपलब्ध समय और कम हो गया। बिस्तर तक पहुंचते-पहुंचते पूरी तरह थक चुके थे वरुण ने मीडिया से कहा, ‘जब मैं आखिरकार अपने कमरे में पहुंचा और बिस्तर पर गिरा, तब मेरा शरीर पूरी तरह थक चुका था।’ डॉक्टरों की मेडिकल क्लियरेंस नहीं मिलने के कारण वरुण 77 किग्रा वर्ग के क्वार्टरफाइनल में नहीं उतर सके। इस तरह उनका एशियन गेम्स अभियान मुकाबला खेले बिना ही खत्म हो गया। मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स क्या है? मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स यानी MMA में बॉक्सिंग, किकबॉक्सिंग, कुश्ती, जूडो और ब्राजीलियन जिउ-जित्सु जैसी अलग-अलग मार्शल आर्ट्स की तकनीकों का इस्तेमाल होता है। भारत में MMA को खेल के तौर पर पहचान 2010 के दशक में मिली और 2016 में ऑल इंडिया MMA फेडरेशन की स्थापना हुई। भारत के प्रमुख MMA फाइटर्स में भारत खंडारे, अर्जन सिंह भुल्लर, अंशुल जुबली, पूजा तोमर और सुचिका तारियाल शामिल हैं। भारत खंडारे 2017 में UFC में लड़ने वाले भारत में जन्मे पहले फाइटर बने, जबकि अंशुल जुबली ने 2023 में UFC कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया और पूजा तोमर 2024 में UFC में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। --------------------------------- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… भारत को हटाकर टी-20 रैंकिंग में नंबर-1 बना इंग्लैंड:श्रीलंका के खिलाफ 3-0 से क्लीन स्वीप किया, तीसरा मैच 8 विकेट से जीता इंग्लैंड ने 55 दिन बाद भारत से T20I की नंबर-1 रैंकिंग फिर छीन ली। इंग्लैंड ने मैनचेस्टर में श्रीलंका को तीसरे T20I में 8 विकेट से हराकर सीरीज 3-0 से अपने नाम की। श्रीलंका के 124 रन के जवाब में इंग्लैंड ने 9.4 ओवर में 2 विकेट पर 126 रन बनाकर जीत दर्ज की। इंग्लैंड ने 62 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल किया। यह 120+ रन के लक्ष्य का सबसे तेज T20I चेज है। पूरी खबर