बूंदी पुलिस ने नैनवां में छात्रों के अपहरण और मारपीट के मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल छह आरोपी पकड़े जा चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार, दो मोबाइल फोन और एक चाकू भी जब्त किया है। जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि 28 जून 2026 को शाम करीब 4:30 बजे करवर निवासी विशाल नागर अपने दोस्तों अविनाश और लोकेश के साथ कीर्ति कॉलेज, नैनवां से दस्तावेज पूछकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रजलवाता गांव के पास सफेद स्विफ्ट कार में आए आरोपी नईम, आबिद और शादाब ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने चाकू की नोक पर तीनों छात्रों को जबरन गाड़ी में बैठा लिया और उन्हें रिक्को एरिया ले गए। वहां उनके फोन छीनकर लात-घूसों से मारपीट की गई। कुछ देर बाद अफरीद उर्फ अपी, आदिल अंसारी और कोहीनूर देशवाली भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद आरोपी तीनों छात्रों को चौधरी ढाबे के पास एक कच्चे रास्ते पर ले गए। वहां भी उनके साथ फिर से मारपीट की गई, जिसका वीडियो बनाया गया और उनसे पैसे की मांग की गई। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उन्होंने किसी को बताया तो वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देंगे। करीब चार घंटे बाद आरोपियों ने दो मोबाइल फोन वापस कर दिए, लेकिन विशाल का मोबाइल अपने पास रखकर छात्रों को छोड़ दिया। इस संबंध में थाना नैनवां थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसपी अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि वृत्ताधिकारी नैनवां ओमप्रकाश के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य और खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें वार्ड नंबर 04, नैनवां निवासी शादाब अली (29) पुत्र शहजाद अली, नईमुद्दीन उर्फ नईम (23) पुत्र अजमुद्दीन और अफरीद उर्फ अपी पुत्र जाकिर हुसैन शामिल हैं।