बूंदी के नमाना कस्बे में शुक्रवार को अच्छी बारिश की कामना के लिए पूरा कस्बा शांतिपूर्ण बंद रहा। व्यापारियों और ग्रामवासियों ने इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान बाजार की सभी दुकानें और प्रतिष्ठान बंद रहे। ग्रामवासियों और व्यापारियों ने बस स्टैंड से डीजे के साथ बालाजी की ज्योत लेकर पैदल यात्रा शुरू की। यह यात्रा गांव के मुख्य मार्ग से होते हुए ठाकुर जी महाराज मंदिर, चामुंडा माता मंदिर और सगस जी महाराज मंदिर से गुजरी। अंत में यात्रा लाड़ेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। लाड़ेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ की मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पंडित द्वारा हवन कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया। इस दौरान लोगों ने गाजे-बाजे के साथ भजन-कीर्तन किए। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात न होने के कारण किसान खेतों में बुवाई का कार्य नहीं कर पा रहे हैं। लगाई गई धान की फसलें सूख रही हैं और भयंकर गर्मी बढ़ रही है। हर साल की तरह इस वर्ष भी भगवान भोलेनाथ से अच्छी बारिश की कामना की जा रही है। इस अवसर पर तेजराज सुमन, लोकेश राठौर, भगवती प्रसाद शर्मा, शंकर टेलर, भंवर लाल राठौर, मनोज सुमन, महावीर चित्तौड़ा, किशन लाल मीणा, महेंद्र सिंह, मोहन जांगिड़, त्रिलोक राठौर, संजय प्रजापत, लालचंद सुमन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कंटेंट: शिवराज राठौर नमाना