कोटा के नान्ता थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो कार्रवाई करते हुए अवैध कारोबार पर कड़ा प्रहार किया है। पहली कार्रवाई में अवैध बजरी और पत्थर परिवहन के खिलाफ पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। कोटा एसपी तेजस्वनी गौतम के निर्देश पर नान्ता थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में वैध रवन्ना परिवहन करते वाहनों को पकड़ा। मौके पर 2 डंपर, 15 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 2 बिना नंबर के महिंद्रा ट्रैक्टर को डिटेन किया गया। थानाधिकारी नान्ता महेश कुमार गुर्जर आर.पी.एस. ने बताया की शुक्रवार के दिन बड़ी मात्रा में अवैध मैसेनरी स्टोन जब्त किया गया और खनिज विभाग ने 6 लाख 56 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। वहीं दूसरी कार्रवाई नान्ता थाना पुलिस ने एनएच-27 नान्ता कट पर गश्त के दौरान एक संदिग्ध ट्रेलर को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान ट्रेलर के केबिन से 925 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त बरामद किया गया। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों भंवरलाल और विकास को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इन कार्रवाइयों से अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।