बानसूर के नारायणपुर स्थित धाभाई की ढाणी में समाजसेवी महेशचंद धाभाई ने अपने माता-पिता स्वर्गीय नन्छी देवी और स्वर्गीय जोहरीराम धाभाई की स्मृति में एक मूर्ति अनावरण एवं गुर्जर प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, समाज के गणमान्य व्यक्तियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। श्रद्धांजलि अर्पित की समारोह का शुभारंभ विधि-विधान के साथ मूर्ति अनावरण और श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। इसके उपरांत आयोजित गुर्जर प्रतिभा सम्मान समारोह में क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया। पूर्व मंत्री ने प्रेरणा लेने का किया आह्लान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मंत्री शकुंतला रावत ने शिक्षा को समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं, पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाना ने भी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। ये रहे मौजूद इस अवसर पर आशुतोष शर्मा, पूर्व प्रधान मातादीन गुर्जर, एसीबीओ इंद्राज गुर्जर, हीरालाल धाभाई, चेतराम, देशराज गिराठी, राकेश दायमा, रामकरण धाभाई, एडवोकेट राजवीर, श्रीराम कराणा, मदन सिराधना, जगराम महासी और जयराम महासी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह के अंत में आयोजक महेशचंद धाभाई ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सामाजिक एकता और शिक्षा के महत्व के संदेश के साथ हुआ।