महेंद्रगढ़ जिले में नारनौल क्षेत्र में बलाहा कला के पास एक ट्रैक्टर ड्राइवर के साथ मारपीट और मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राजस्थान के झुंझनूं जिला के शिमला के नीरज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ट्रैक्टर से तूड़ी ढोने का काम करता है। बीते कल रात करीब 8–9 बजे वह दौचाना से तूड़ी लेकर गांव गोद में प्रदीप के पशु स्टॉक पर डालने जा रहा था। जब वह बलाहा कला के समीप पहुंचा, तो सामने से एक बिना नंबर की पिकअप गाड़ी आ गई, जिसमें 5-6 लोग सवार थे। लाठी-डंडों से मारा नीरज के अनुसार साइड को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसी दौरान पिकअप में सवार लोग नीचे उतर आए और लकड़ी व डंडों से उसके साथ मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान उसकी जेब में रखे करीब 700 रुपये गिर गए और आरोपियों ने उसका मोटरोला कंपनी का मोबाइल फोन भी छीन लिया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया पीड़ित ने बताया कि इसके बाद उसने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायल नीरज ने दौचाना के पीएचसी में अपनी एमएलआर कटवाई, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे नागरिक अस्पताल नारनौल रेफर कर दिया। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस पुलिस के अनुसार शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच एएसआई अशोक कुमार द्वारा की जा रही है।